Today Khas Khabar आज की ख़बर, हिन्दी न्यूज डिजिटल,: राष्ट्रीय
राष्ट्रीय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
राष्ट्रीय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 15 फ़रवरी 2026

 अनूठी श्रद्धांजलि:  दिवंगत मां की याद में पेयजल आपूर्ति के लिए गांव को दान किया डेढ़ लाख का टैंकर 

मंदिर समिति को टैंकर सौंपते हुए परिवारजन व अन्य लोग। 
सिरसा (हरभजन सिद्धू) : नजदीकी गांव फूलकां में दिवंगत माता बिदामी देवी को अनूठी श्रद्धांजलि देते उनके पुत्रों ने समाज में नई मिसाल पेश करते हुए रस्मपगड़ी पर फिजूल खर्ची की बजाय गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए एक टैंकर खरीद कर दिया। इस कार्य की गांव में भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है। 

जानकारी अनुसार, 93 वर्षीय बिदामी देवी निवासी फूलकां की मृत्यु उपरांत उनके पुत्र रामकुमार उर्फ बलवंत व मोहन लाल बाजिया ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए रस्म पगड़ी के मौके पर अन्य खर्च करने की बजाय सर्वहित में पानी का टैंकर देकर एक स्वस्थ परम्परा का आगाज किया है। यह टैंकर गांव के आराध्य बाबा रामदेव जी मंदिर के भक्त तुलसी राम पारदी के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान चौधरी इंद्रराज कुहाड़, प्रेम कुहाड़, अमर सिंह भाम्भू, बंसी लाल गहलोत, भीम छिम्पा, ओमप्रकाश ढाका, सुभाष कुहाड़, तोता राम नायक सहित कई अन्य लोग मौजूद थे। बता दें कि 7 हजार लीटर की क्षमता वाले इस टैंकर की कीमत करीब 1, 60,000 रूपये बताई जा रही है। 

गौशाला को दान की 51 हजार की राशि

शिव शक्ति ज्वैलर्स के संचालक मनोज सोनी के पिता भागीरथ सोनी की रस्मपगड़ी पर मौसूण परिवार ने परहित को सर्वोपरि मानते हुए श्री गौशाला फूलकां में 51 हजार रूपए नकद व 10 पेटी गुड़ गौमाता के लिए दान किया। कार्यक्रम दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने गणमान्य लोगों ने इस पुण्य कार्य की भरपूर प्रशंसा की। गौरतलब है कि भागीरथ सोनी (मौसूण) का गत 22 जनवरी को निधन हो गया था। मौसूण परिवार हमेशा से सेवा कार्यों में अग्रणी रहता है। दिवंगत भागीरथ सोनी की रस्म पगड़ी के कार्यक्रम दौरान भी मौसूण परिवार ने समाज सेवा की इस लड़ी को जारी रखते हुए श्री गौशाला फूलकां को 51 हजार रूपये की राशि दान की। रस्मपगड़ी कार्यक्रम दौरान परिवारिक सदस्यों ने गौशाला के उपप्रधान जयचंद कूकना को यह राशि सौंपी। गौशाला प्रधान रविंद्र कुलडिय़ा ने इस पुण्य कार्य के लिए मौसूण परिवार का तहदिल से धन्यवाद करते हुए कहा कि मौसूण परिवार ने समाजसेवा की एक अनूठी मिसाल पेश की है। 

***************

फोटो: मंदिर समिति को टैंकर सौंपते हुए परिवारजन व अन्य लोग। 

सोमवार, 27 जनवरी 2025

द जाट रेजिमेंट की शान बने सिरसा के दो युवाओं का दिल्ली के मार्चपास्ट में दिखा जलवा

 फूलकां व रसालिया खेड़ा के ग्रामीणों ने जताई खुशी 

सिरसा, 27 जनवरी : देश के 76 वें गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली में जाट रेजिमेंट द्वारा निकाले गए मार्चपास्ट में जिले के गांव फूलकां व रिसालिया खेड़ा के दो युवाओं ने भागीदारी करते हुए सिरसा का नाम रोशन किया है। भारतीय सेना की जाट रेजिमेंट की टुकड़ी में हरियाणा के 40 सैनिकों ने भाग लिया था। 

जाट रेजिमेंट के साथ सांझी तस्वीर व इनसेट में सैनिक अभिमन्यू । 

जानकारी अनुसार, दिल्ली मार्च पास्ट के लिए फूलकां निवासी अभिमन्यू कुलडिय़ा व रिसालिया खेड़ा के कुलदीप का सैनिक टुकड़ी से चयन हुआ था। अभिमन्यू कुलडिय़ा ने खुशी जताते हुए कहा कि देश की सर्वोच्च सभापति माननीय राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के सामने मार्च पास्ट निकाले में भागीदारी करने का अवसर मिला, जो अपने आप में बड़े गर्व की बात है। इसके लिए पिछले 4 महीने से दिल्ली में अभ्यास किया गया। द जाट रेजिमेंट की जिस टुकड़ी ने मार्च पास्ट में भाग लिया उसको जाट बलवान जय भगवान का नाम दिया गया था। वहीं कुलदीप ने भी इस पल को गौरवमई बताया। उधर दिल्ली में मार्च पास्ट का हिस्सा बने सिरसा के दोनों जवानों के गांवों में युवाओं ने खुशी जताई और इसे आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणादाई बताया। 


रविवार, 19 जनवरी 2025

Welfare : श्रीराम हंस चैरिटेबल ट्रस्ट ने 20 वर्षों में हजारों अंधेरी जिंदगियों को किया रोशन

 समाजसेवी अमीर चावला ने अपने माता-पिता के नाम पर बनाया है यह ट्रस्ट

20 जनवरी से तीन दिवसीय फ्री आंखों का चैकअप एवं आप्रेशन कैंप 

सिरसा :  मानव सेवा में समर्पित श्रीराम हंस चैरिटेबल ट्रस्ट दुनिया के रंगों से महरूम हुई जिंदगियों में फिर से खुशियों के रंग भरने की दिशा में लाजवाब प्रयास कर रहा है। पिछले दो दशक में इस ट्रस्ट के प्रयासों से हजारों अंधेरी जिंदगियों को नई रोशनी मिली है, और वो भी बिलकुल मुफ्त। ट्रस्ट की ओर से हर वर्ष 20 जनवरी को तीन दिवसीय आंखों का मुफ्त चैकअप एवं आप्रेशन कैंप का आयोजन किया जाता है जिसमें सिरसा ही नहीं, दूर-दराज क्षेत्रों से भी लोग पहुंचकर लाभ उठाते हैं। बता दें कि यह ट्रस्ट समय-समय पर गौशालाओं, मंदिर, गुरुद्वारा, शमशान भूमि के सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग किया जाता है। इसके अलावा निर्धन कन्याओं की शादी, गरीब बच्चों के लिए किताबें व जर्सी मुहैया करवाने व जरूरतमंद लोगों की हर संभव मदद को हमेशा अग्रणी रहता है। 

 फाइल फोटो 

इस बारे में जानकारी देते हुए समाजसेवी अमीर चावला ने बताया कि श्रीराम हंस चैरिटेबल ट्रस्ट की स्थापना उन्होंने वर्ष 2005 में अपने माता-पिता के नाम पर बनाया है। इस ट्रस्ट का उद्देश्य समाज हित से जुड़ा है, जिसके चलते जून 2005 में ट्रस्ट की ओर से श्री राम हंस आंखों का अस्पताल निर्माण करवाया गया। तभी से यह अस्पताल लोगों को नेत्र से जुड़ी हर बीमारी का मुफ्त उपचार कर रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले 20 वर्षों में हरियाणा, राजस्थान व पंजाब के विभिन्न गांवों व शहरों से हजारों लोगों को आंखों से जुड़ी हर बीमारी का मुफ्त इलाज किया जा चुका है। खासकर सफेद मोतिया की बीमारी से पीडि़त लोगों के मुफ्त आप्रेशन किए हैं। यह ट्रस्ट अब तक अलग-अलग क्षेत्रों में 600 कैंप लगा चुका है। यही नहीं, ट्रस्ट द्वारा समय-समय पर मांग के अनुरुप भी कैंपों का आयोजन किया जाता है जिसमें लोगों को सभी सुविधाएं नि:शुल्क मुहैया करवाई जाती हैं। 

 फिर तीन दिवसीय कैंप कल से, पद्मश्री गुरविंद्र सिंह करेंगे उद्घाटन 

श्रीराम हंस चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा हर वर्ष की भांति इस बार भी 20 जनवरी से तीन दिवसीय नेत्र चैकअप एवं आप्रेशन कैंप का आयोजन कर रहा है। खास बात यह है कि इस कैंप का उद्घाटन भाई कन्हैया आश्रम के मुख्य सेवादार एवं पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित गुरविंद्र ङ्क्षसह करेंगे। अमीर चावला ने बताया कि इस कैंप में दवाई से लेकर आप्रेशन तक हर सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। वहीं इस दौरान जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरण कार्यक्रम भी होगा। 




बुधवार, 8 जनवरी 2025

शुक्रिया जी! आपने मेरी तीन महीने की कमाई गर्त में जाने से बचा ली !

* होमगार्ड जवान ने जब ई-रिक्शा चालक को गुम हुआ मोबाइल लौटाया तो उसकी आंखें छलक आई 

सिरसा, 8 जनवरी :

होमगार्ड विभाग के जवान ने ई-रिक्शा चालक को उसका गुम हुआ कीमती मोबाइल फोन लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की। जानकारी अनुसार, शहर के बाबा भूमणशाह चौक पर गत दिवस पर ट्रेफिक ड्यूटी के दौरान होमगार्ड जवान उग्रसैन को सड़क में एक छोटे से खड्ढे में मोबाइल फोन गिरा हुआ दिखाई दिया। जब तक वह फोन के पास पहुंचा, उसी दौरान एक कार आकर उस जगह रूक गई जिससे फोन उस कार के टायर के नीचे आ गया। उग्रसैन ने उस कार को साइड में करवाकर जब गढ्ढे से फोन उठाकर देखा तो वह सही सलामत था। 

ई-रिक्शा चालक को मोबाइल लौटाते हुए होमगार्ड जवान उग्रसैन। 

उग्रसैन ने बताया कि इस घटना के करीब 20 मिनट बाद ही उसी फोन पर एक कॉल आई और उसने कहा कि भाई साहब यह फोन मेरा है और मुझसे गुम हो गया है। उग्रसैन ने उसे बाबा भूमणशाह चौक पर आने का बोला। दरअसल यह मोबाइल फोन ई-रिक्शा चालक का था जो दिनभर दिहाड़ी करके परिवार का पालन-पोषण कर रहा है। होमगार्ड जवान ने जब उस रिक्शा चालक को फोन लौटा तो खुशी के मारे उसकी आंखें छलक आई और कहने लगा कि शुक्रिया जी, आपने मेरी तीन महीनों की कमाई को डूबने से बचा लिया। क्योंकि तीन महीने की कमाई से पैसे एकत्रित करके यह फोन खरीदा था। उसने फोन की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई। बता दें कि होमगार्ड जवान उग्रसैन ने इससे पहले भी लावारिश हालत में मिला की-पैड फोन भी उसके मालिक रिक्शा चालक को लौटाया था। 



बुधवार, 1 जनवरी 2025

रस्म पगड़ी : अब अभय चौटाला के कंधों पर विरासत की जिम्मेवारी

 सीएम सैनी ने ओपी चौटाला के जीवन को बताया प्रेरणादाई, नड्‌डा बोले- वे जिंदादिल इंसान थे

अभय सिंह चौटाला 

सिरसा, टूडे खास खबर। 

पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला की रस्म पगड़ी पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा चौटाला गांव में हुई, जिसमें विरासत की पगड़ी अभय सिंह चौटाला के सिर रखी गई। दरअसल, सभा कार्यक्रम में ओपी चौटाला के जीवन पर एक डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई, जिसके चौटाला साहब ने अभय चौटाला को इनेलो का उत्तराधिकारी घोषित किया था। शोक संदेश के दौरान अभय चौटाला ने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा दुख तब होता है, जब सिर से पिता का हाथ उठ जाता है। वो ताकतवर हाथ था। उन्होंने मुझे अंगुली पकड़कर चलना सिखाया। सही-गलत चीजों का अंतर बताया। राजनीतिक गलियारों में सीना तानकर खड़ा होना सिखाया। उनके जाने का दुख मुझे हो रहा है, इसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। इसकी भरपाई नहीं हो पाएगी। इस दौरान अभय चौटाला ने कहा कि आज हम सभी हमारे महान नेता, संघर्षशील, मेहनती और गरीब-मजदूर की आवाज चौधरी ओमप्रकाश चौटाला को श्रद्धांजलि देने आए हैं। यहां देश के विभिन्न राज्यों से हमारे परिवार के शुभ चिंतक, दोस्त और रिश्तेदार पहुंचे हैं। श्रद्धांजलि सभा में भाजपा के राष्ट्रीय नेत्त्व के आलानेताओं के अलावा देशभर से प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। 

सीएम सैनी ने कहा- चौटाला का जीवन खुली किताब

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि ओपी चौटाला का पूरा जीवन खुली किताब रहा है। उन्होंने हरियाणा के लिए संघर्ष किया, विकास को नई दिशा देने का काम किया। उन्होंने गौरवशाली जीवन व्यतीत किया और हमें दिशा देकर गए। ऐसी दिवंगत आत्मा, जिनसे हमें भी सीखने को मिलता है। 

चौटाला ने पानी के लिए संघर्ष किया

वहीं हरियाणा प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि ओमप्रकाश चौटाला 5 बार मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने हरियाणा के पानी के लिए जो संघर्ष किया है, वह इतिहास में लिखा हुआ है। मैं जब 1998 में मंत्री था तो ओपी चौटाला मुख्यमंत्री थे। उन्होंने जोरदार ढंग से हरियाणा के हित की बातें रखी थीं।

जेपी नड्‌डा बोले- चौटाला जिंदादिल इंसान थे

इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्‌डा ने कहा कि उनके जाने से राजनीतिक क्षेत्र में एक युग का अंत हुआ है। उनके साथ कई बार काम करने का अवसर मिला, वह जिंदा दिल इंसान थे। लोगों की आवाज को उठाने का जुनून उनकी रगों में बसा हुआ था। 

शनिवार, 28 दिसंबर 2024

जैसलमेर में 8 सौ फीट तक खोदा कुआं तो फूटा सरस्वती नदी का फव्वारा !

 सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो



जैसलमेर। मोहनगढ़ के नहरी क्षेत्र में एक अद्भुत घटना सामने आई है, जिसमें जमीन से अपने आप ही पानी का फव्वारा निकले लगा और खेतों में दूर तक पानी फैल गया। दरअसल यह सरस्वती नदी का लुप्त इलाका माना जाता है। कयास लगाया जा रहा है कि पानी का यह फव्वारा सरस्वती नदी से जुड़ा हुआ है, जो क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी के तौर पर देखा जा रहा है। 


खुदाई कर रही मशीन जमीन में धंस गई 

जानकारी अनुसार, मोहनगढ़ के चक 27 बीडी के पास ट्यूबवेल की खुदाई का कार्य चल रहा था। इस दौरान अचानक जमीन से पानी का फव्वारा फूट पड़ा। विक्रम सिंह के खेत में हुई इस घटना के बाद खुदाई कर रही मशीन जमीन में धंस गई और खेत तालाब में बदल गया। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है। 

ट्यूबवेल की खुदाई 800 फीट तक पहुंची

दरअसल, मोहनगढ़ में यह घटना तब हुई जब खेत में ट्यूबवेल की खुदाई 800 फीट तक पहुंची। जैसे ही पाईप निकाले जा रहे थे, जमीन से पानी अपने आप ऊपर उठने लगा। पानी इतनी तेजी से निकला कि आसपास के खेत पानी में डूब गए। हजारों लीटर पानी खेत में जमा हो गया और खेत एक तालाब में तब्दील हो गया। 

यह घटना सरस्वती नदी के प्राचीन प्रवाह के संकेत

इस घटना के बाद भूजल वैज्ञानिक डॉ. नारायण दास ईणखिया ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद कहा कि यह भूजल का सामान्य रिसाव नहीं हो सकता। उन्होंने इसे लुप्त सरस्वती नदी के चैनल से जोड़ते हुए संभावना जताई कि यह घटना सरस्वती नदी के प्राचीन प्रवाह के संकेत हो सकते हैं।


पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का हुआ अंतिम संस्कार, बेटी ने दी मुखाग्रि

निगमबोध घाट पर हुआ अंतिम संस्कार, तीनों सेनाओं ने दी सलामी 



राष्ट्रपति मुर्मु, प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सहित गांधी परिवार ने दी उन्हें अंतिम विदाई 

नई दिल्ली।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का शनिवार को निगमबोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ। उनकी बेटी ने मुखाग्रि दी। राजकीय सम्मान के बाद अंतिम संस्कार की सभी रस्में पूरी हुई। इससे पहले उनके पार्थिव शरीर को सेना की तोपगाड़ी पर दिल्ली के निगमबोध घाट लाया गया, जहां तीनों सेनाओं ने उन्हें सलामी दी।

निगमबोध घाट में सोनिया, प्रियंका, राहुल और कांग्रेस के बड़े नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति मुर्मु, प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ भी उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। मनमोहन की पत्नी गुरशरण कौर, बड़ी बेटी उपिंदर सिंह, बेटी दमन सिंह और छोटी बेटी अमृत सिंह निगमबोध घाट पर मौजूद थे। परिवार ने प्रधानमंत्री मोदी से भी मुलाकात की। 


गुरुवार, 26 दिसंबर 2024

Weather Updates अब नए साल तक झमाझम बरसेंगे बादल! धुंध ढहाएगी कहर

किसानों को सलाह : फसलों में सिंचाई रोक दें, बागवानी उपल जाल का करें प्रयोग 



हिसार/सिरसा, टूडे खास खबर। 

मौसम विभाग ने साप्ताहकि बुलेटिन जारी करते हुए बताया है कि आने वाले दिनों में किसानों के लिए बेहद खुशी की खबर है कि मौसम में बदलाव के चलते अधिकतर जगहों पर बारिश की संभावना बन रही है। मौसम के मद्देनजर विभाग ने किसानों को अलर्ट किया है कि वे अपनी फसलों की सिंचाई एक बार रोक दें, वहीं बागवानी उत्पादक किसान उपल जाल का प्रयोग करें तो बेहतर होगा।

27-28 दिसंबर को मौसम: 

अधिकांश इलाकों में भारी की संभावना है। 

- छिटपुट जगह पर मध्यम से भारी बारिश  

- कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश

- कई इलाकों में हल्की बारिश


* बादलवाई व धुंध

वहीं 27 व 28 दिसंबर को ज्यादातर इलाकों में घने बादल व इक्का-दुक्का जगह पर घनघोर घटा छाने की संभावना है।  29 व 30 दिसंबर को ज्यादातर इलाकों में धुंध की संभावना है!

* हवा व गरज चमक

27 दिसंबर को हल्की से मध्यम पूर्वी हवा, कई जगह मेघगर्जना व कुछ इलाकों में बिजली का चमकने की संभावित है।  28 से 31 दिसंबर तक शीत लहर चलने की संभावना है। 

- कहीं-कहीं हो सकती है ओलावृष्टि

- दक्षिण पूर्वी हरियाणा के कुछ इलाकों में व उत्तर हरियाणा में कहीं-कहीं 27 व 28 दिसंबर को ओले गिरने की संभावना भी है। किसानों को सलाह दी जाती हैं कि फसलों में सिंचाई रोक दें, बागवानी वाले समृद्ध किसान उपल जाल का इस्तेमाल करें। 


शीतलहर में पशुओं की कुछ इस तरह करें देखभाल, दुग्ध उत्पादकता में नहीं आएगी कमी

शीत लहर से पहले ही करें ऐसी तैयारी 








डॉ  विद्यासागर बांसल ने बताए महत्वपूर्ण टिप्स
सिरसा, हरभजन सिद्धू। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के पूर्व उपनिदेशक डॉ विद्यासागर बांसल ने बताया कि मौसम में बड़ा बदलाव आया हुआ है। ठंड के चलते पशुओं के बीमार होने का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में उचित देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि जब वातावरण का तापमान 4° सेल्सियस से कम हो जाता है तो शीतलहर माना जाता है। इससे पशुओं में नुकसान, पशु कितने समय तक कम तापमान में रहा, वातावरण में नमी का लेवल तथा हवा की गति पर निर्भर करता है। पूर्व में शीतलहर का पूर्वानुमान, आमजन को इस बाबत सचेत करना व शीतलहर से बचाव हेतू समय रहते तैयारी करने से काफी हद तक इससे होने वाले नुकसान से बचा जा सकता है । शीतलहर से पालतू पशुओं व जंगली जानवरों में सदैव चोटिल होने व मृत्यु होने कि संभावना बनी रहती है । नवजात बालपशु/ युवा पशु/ श्वसनतंत्र की बीमारी से पीड़ित पशु / दुधारू पशु व कमजोर पशुओं पर शीतलहर का प्रभाव अधिक होता है। शीतलहर के दौरान पशुओं के शरीर का तापमान कम हो जाता है, जिससे पशुओं को भूख कम लगना, भारी पशुओं में जोड़ों में दर्द का होना, कुत्तों में कैनल कफ़ व श्वसनतंत्र की बीमारियां आदि का होना अमूमन लक्षण पाये  जाते हैं ।

*शीतलहर से बचाव के उपाय*

1 सर्दियों के दिनों में पशुपालकों को आसपास के मौसम के पूर्वानुमान बारे जानकारी रखना चाहिए।
2 सर्दियों के दिनों में पशुओं के आवास का उचित प्रबंध करना चाहिए। टीन शेड से निर्मित पशु आवास को घास-फूस के छप्पर से चारों ओर से ढक देना चाहिए ताकि पशुओ को ठंडी हवा से बचाया जा सके । पशुबाड़ों का निर्माण मौसम के अनुकूल करना चाहिए ताकि सर्दियों में अधिकतम धूप शेड में आ पाये ।
3 अत्यधिक सर्दी के दौरान पशुबाड़ों में लाइट का उचित प्रबंध होना चाहिए ।
4 सर्दियों के दिनों में धूप निकलने पर पशुओं को धूप में बांधे ताकि उनके शरीर का तापमान सामान्य रहे ।
5 सर्दियों के दिनों में पशुओं को अधिक ऊर्जा पैदा करने वाले अवयव जैसे खल व गुड आदि के साथ-साथ संतुलित आहार दें ताकि पशुओं का शरीर गरम रहे ।
6 सर्दियों के दिनों में पशुओं के बैठने के स्थान को सूखा रखने के लिए पराली इत्यादि का प्रयोग करें ।
7 सर्दियों के दिनों में पशुओं के पीने के लिए गर्म/ गुनगुने पानी का प्रयोग करें ।
8 सर्दियों के दिनों में धूप निकलने पर पशुओं को गर्म/ ताजा पानी से नहलाकर सरसों के तेल की मालिश करे जिससे पशुओं को खुश्की आदि से बचाया जा सके ।
9 नवजात बच्चों व बीमार पशुओं को रात के समय किसी बोरी या तिरपाल से ढक दें तथा धूप निकलने पर हटा दे ।
10 सर्दियों के दिनों में दुधारू पशुओं व 6 मास से अधिक गाभिन पशुओं को अधिक मात्रा में संतुलित पोषाहार दें ।
11 पक्षियों के शेड में तापमान-नियंत्रण यूनिट लगा होना चाहिए ।
12 सर्दियों के दिनो में समय-समय पर पशुओं को मुंहखुर, गलघोटू, पी.पी.आर, ई.टी.वी. शीप पोक्स इत्यादि का टीका पशुचिकित्सक की सलाह अनुसार लगवाना चाहिए ।
13 सर्दियों के दिनों में पशुओं को समय-समय पर कृमि रहित करना चाहिए।
14 पशुओं को बाह्यीय जीवों के प्रकोप से बचाने के लिए समय-समय पर कीटाणुनाशक घोल का छिड़काव करके पशुशालाओं को विसंक्रमित किया जाना चाहिए l

शीतलहर के दौरान पशुपालकों को निम्न कार्य नहीं करने चाहिए


1 सर्दियों में पशुओं को खुले स्थान पर न तो बांधे और न ही घूमने के लिए खुला छोड़ें ।
2. पशुबाड़ों में नमी व धुआँ नहीं होना चाहिए ।
2 सर्दियों में पशुओं को ठंडा आहार व ठंडा पानी नहीं पिलाना चाहिए ।
3 सर्दियों में पशुओं को रात के समय व अत्यधिक ठंड में बाहर नहीं रखना चाहिए ।
4 सर्दियों में जहां तक संभव हो, पशु मेला का आयोजन नहीं करना चाहिए ।
5 पशुओं के मृत शरीर को पशुओं की चारागाह के आस पास दफन नहीं करना चाहिए।

Featured Post

 अनूठी श्रद्धांजलि:  दिवंगत मां की याद में पेयजल आपूर्ति के लिए गांव को दान किया डेढ़ लाख का टैंकर  मंदिर समिति को टैंकर सौंपते हुए परिवारजन...