Today Khas Khabar आज की ख़बर, हिन्दी न्यूज डिजिटल,: haryana
haryana लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
haryana लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 9 फ़रवरी 2025

सिरसा नप चुनाव : भाजपा की ‘लोकल’ नाराजगी से ‘शीर्ष’ के प्यारे कांडा अब किनारे

 चुनाव से ज्यादा राजनीति के बदलते रंगों की चर्चा 


सिरसा। कहते हैं कि राजनीति में कुछ भी स्थाई नहीं होता, इसमें आपदा के अनुसार अवसर पैदा होते रहते हैं। कुछ ऐसा ही नजारा सिरसा की राजनीति में देखने को मिल रहा है। शहर की सरकार के लिए चुनाव का बिगुल बज चुका है, ऐसे में शहर के हर गली-मोहल्ले, नुक्कड़ में चुनावों की चर्चा है। लेकिन सिरसा में चुनाव से ज्यादा राजनीति के बदलते रंगों की चर्चा अधिक है। कभी भाजपा के गुणगान करते हुए कभी न थकने वाले कांडा बंधुओं को अब पार्टी ने किनारे कर दिया है। भाजपा के स्थानीय नेताओं ने इन बंधुओं से दूरी बनाते हुए नगर पालिका चुनाव मेें अपनी चौसर बिछाने का पक्का इरादा जाहिर कर दिया है। पिछले दिनों भाजपा के युवा नेता ने स्पष्ट शब्दों में इशारा कर दिया कि जिन्होंने विधानसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन लिया था, अब उनको बिना शर्त भाजपा के साथ आना चाहिए। किंतु इसके जवाब में हलोपा सुप्रीमो के अनुज ने भी भाजपा नेता पर कई कटाक्ष कर डाले और गंभीर आरोप भी जड़ दिए। शब्दों के विषैले तीरों ने दोनों ओर आक्रोश इतना बढ़ा दिया कि अब भाजपा और हलोपा दोनों नप चुनाव के लिए अलग-अलग राह पकड़ चुके हैं। चेयरमैन के लिए भाजपा के पास 10 उम्मीदवारों ने आवेदन कर दिया है। वहीं हलोपा ने भी आवेदन मांगे हैं। 

उम्मीदवार रिवर्स करने से उठानी पड़ी थी फजीहत

अक्तूबर 2024 में हुए विस चुनाव में भाजपा ने सिरसा सीट पर पहले रोहताश जांगड़ा को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन नामांकन वापसी के अंतिम दिन अपने उम्मीदवार को रिवर्स करते हुए हलोपा सुप्रीमो गोपाल कांडा के समर्थन आ खड़ी हुई थी। इस राजनीतिक घटनाक्रम से भाजपा को काफी फजीहत भी झेलनी पड़ी थी। हालांकि विस चुनाव में भाजपा स्पष्ट बहुमत से प्रदेश की सत्ता पर फिर से काबिज हो गई। लेकिन भाजपा के स्थानीय नेताओं को यह बात नाग्वार गुजरी, जिसके चलते भाजपा की जिला इकाई कांडा बंधुओं से दूरी बनाने लगी थी। अब नप चुनाव में भाजपा के लोकल लीडर ऐसी गलती को दोहराना नहीं चाहते। इसीलिए शीर्ष नेताओं के प्यारे कांडा बंधुओं को किनारे करते हुए भाजपा अब खुद के वजूद को जिंदा करने में जुट गई है। 

उधर कांडा बंधुओं की राजनीतिक शह-मात से पूरा सिरसा वाकिफ है। भले ही विस चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार गोकुल सेतिया ने गोपाल कांडा को हरा दिया था, मगर गोपाल कांडा भी राजनीति शतरंज के माहिर खिलाड़ी हैं। देखना दिलचस्प होगा कि नप चुनाव में बाजी किसके हाथ लगने वाली है, क्योंकि कांग्रेस भी अब आपसी मनमुटाव से निकलकर राजनीतिक एकजुटता का दम भरने लगी है।  


गुरुवार, 30 जनवरी 2025

विज्ञान प्रदर्शनी: आरोही विद्यालय झिड़ी के छात्र अंशदीप का मॉडल स्मार्ट केयर डिवाइस राज्य स्तर पर रहा द्वितीय


राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में सिरसा के पांच विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए मॉडल्स 
सिरसा, सिद्धू l युवा मन में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवीनता की भावना पैदा करने के मकसद से 29 और 30 दिसम्बर को राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) हरियाणा गुरुग्राम में राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया l जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ मुकेश कुमार ने बताया कि इस प्रदर्शनी में अलग अलग उपविषयों में सिरसा जिला से पांच विद्यार्थियों ने अपने मॉडल्स प्रस्तुत किए । इस प्रदर्शनी में मार्गदर्शक शिक्षक कमल किशोर के मार्गदर्शन में उपविषय  भोजन, स्वास्थ्य और स्वच्छता में आरोही मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झिड़ी से छात्र अंश्दीप के मॉडल स्मार्ट केयर डिवाइस ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया ।

इस वर्ष बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का मुख्य है - सतत्  भविष्य के लिए विज्ञान और प्रोधोगिकी और उपविषय हैं -  
• भोजन, स्वास्थ्य और स्वच्छता, 
• परिवहन एवं संचार, 
• प्राकृतिक खेती, 
• आपदा प्रबन्धन, 
• गणितीय मॉडलिंग और कम्प्यूटेशनल सोच, 
• अपशिष्ट प्रबंधन और 
• संसाधन प्रबंधन l 

राज्यस्तरीय प्रदर्शनी में इन विद्यार्थियों ने किए मॉडल्स प्रस्तुत -
आरोही मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झिड़ी से छात्र अंश्दीप का मॉडल स्मार्ट केयर डिवाइस व् इसी स्कूल की छात्रा काजल का मॉडल स्मार्ट ट्रांसपोर्टेशन, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेला ग्राउंड सिरसा की छात्रा परमप्रीत का मॉडल स्मार्ट इरीगेशन सिस्टम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चत्तरगढ़ पट्टी की छात्रा सिमरन का गणित का मॉडल सबसे छोटी दूरी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पतली डाबर की छात्रा प्रांचल का मॉडल पराली प्रबन्धन शामिल रहे ।

इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी स्वभाविक जिज्ञासा, नवाचार और अविष्कार शीलता के लिए मंच उपलब्ध करवाना है l विजेता विद्यार्थी को बहुत बहुत बधाई।
- बूटा राम, जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा

बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करती है l ये सिरसा जिला के लिए गर्व की बात है कि अंशदीप के मॉडल ने राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया ।
- डॉ मुकेश कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, सिरसा l

बड़ा प्रहार: नशा तस्कर पिता-पुत्र करीब 50 लाख के चिट्टे सहित काबू


आरोपियों को डिग थाना क्षेत्र से किया काबू

सिरसा। प्रदेश को नशा मुक्त करने के हरियाणा सरकार की मुहिम को सफल बनाने में हरियाणा राज्य नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो लगातार नशा तस्करों पर कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में हरियाणा राज्य नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की सिरसा यूनिट ने मोटरसाईकिल सवार पिता पुत्र 2 नशा तस्करो को थाना डिंग एरिया से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियो के पास से 412 ग्राम चिट्टा/हरोइन बरामद किया गया है। विदित है कि हरियाणा राज्य नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो प्रमुख महानिदेशक ओ.पी. सिंह के दिशा निर्देशों पर पुरे प्रदेश में नशा तस्करों के नेक्सस को तोड़ने के लिए एचएसएनसीबी हरियाणा द्वारा विशेष अभियान चलाए जा रहे है। संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए हरियाणा एनसीबी यूनिट सिरसा के नोडल अधिकारी उपपुलिस अधीक्षक श्री जोगिंदर सिंह, HPS और इंचार्ज तरसेम सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा व सुश्री पंखुड़ी कुमार के दिशा निर्देशानुसार एएसआई सुखदेव सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ सिरसा से हिसार रोड पर गाँव बगुवाली पतली डाबर चौक पर मौजूद थे। इसी दौरान डींग मोड़ की तरफ से सर्विस रोड पर एक बाइक आता हुआ दिखाई दिया जिस पर 2 लोग सवार थे। पेट्रोलिंग टीम ने शक के आधार पर संदिग्ध मोटरसाईकिल चालक को रूकने का इशारा किया। मोटरसाईकिल चालक पुलिस की गाडी को देखकर वापिस मुड़कर भागने लगा। संदिग्धों को तुरंत पुलिस टीम द्वारा काबु कर पूछताछ की गई। संदिग्धों द्वारा संतोषजनक जबाब नही दे पाने पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर राजपत्रित अधिकारी को बुलाकर युवकों की तलाशी ली गयी तो उनकी जेब से चिट्टा बरामद हुआ। जिसका कुल वजन 412 ग्राम प्राप्त हुआ और जिसकी कीमत बाजार मे लगभग 50 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपियो की पहचान पिता पुत्र प्रेम सागर और विलास उर्फ विकास निवासी रानियाँ गेट, सिरसा के रूप मे हुई है। इस मामले मे थाना डींग जिला सिरसा मे अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।

आरोपी पुत्र पहले भी नशा तस्करी के मामलों मे जा चुके है जेल

सिरसा यूनिट इंचार्ज तरसेम सिंह ने आगे बताया कि आरोपी विलास उर्फ विकास से गहानता से पूछताछ की जा रही है। आरोपी विलास पर पर नशा तस्करी के मामले मे एक मामला पहले भी है जिस पर ये आरोपी ज़मानत पर बाहर है।
आरोपी चिट्टा कहाँ से लेकर आया था और कहाँ सप्लाई करना था इसपर आगामी तफ्तीश जारी है ताकि नशे के नेक्सस को तोड़ा जा सके। नशे के व्यापार मे शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा ।

रविवार, 19 जनवरी 2025

Sirsa: नारकोटिक्स यूनिट को मिली बड़ी कामयाबी, बुलेट सहित नशा तस्कर काबू

आरोपी युवक की जेब से 30.58 ग्राम चिट्टा बरामद 

सिरसा। प्रदेश को नशा मुक्त करने के लिए हरियाणा नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो लगातार नशा तस्करों पर कार्रवाई कर रहा है। ब्यूरो की सिरसा यूनिट ने बुलेट बाइक सवार नशा तस्कर को धर-दबोचा। आरोपी के पास से 30.58 ग्राम हैरोईन बरामद हुई है। 

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एच.एन.सी.बी यूनिट सिरसा की एक पुलिस टीम पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा व सुश्री पंखुड़ी कुमार के निर्देशन में एएसआई जयबीर सिंह की टीम महाराणा प्रताप चौक व बस स्टैंड के आस-पास तैनात थी। इसी दौरान सवेरा होटल के पास पेट्रोलिंग टीम ने शक के आधार पर एक संदिग्ध युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी युवक की जेब से 30.58 ग्राम चिट्टा/हैरोईन बरामद हुई। प्रवक्ता के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान ओमप्रकाश, निवासी सिरसा के रूप में हुई है। थाना सिविल लाइन में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर लिया गया है। 

आमजन दें इस नंबर पर नशे की जानकारी, पुलिस लेगी तुरंत एक्शन 

एच.एस.एन.सी.बी यूनिट सिरसा के इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर तरसेम सिंह ने आमजन से अपील की है कि अगर आपको कहीं पर भी नशा बिकता हुआ दिखाई दे रहा है या आपको नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना है तो टोल फ्री नंबर 1933 और हरियाणा एनसीबी के टॉल फ्री नंबर 90508-91508 पर सूचना दें, ताकि नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके। सूचना देने वाले का नाम व पता गुप्त रखा जाएगा।


शुक्रवार, 17 जनवरी 2025

भ्रष्टाचार पर सूची वायरल: हरियाणा के 370 पटवारी बने 'प्रोपर्टी डीलर

भ्रष्टाचार में कैथल सबसे आगे, पंचकूला को दिखाया ईमानदार  

सिरसा, 17 जनवरी : हरियाणा में भाजपा सरकार के भ्रष्ट अधिकारियों के दिन अब शायद लदने वाले हैं। प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंंधन विभाग के नाम से कथित भ्रष्टाचार मामले में एक सूची सोशल मीडिया पर दिनभर से वायरल हो रही है, जिसमें प्रदेशभर के 370 पटवारियों को सूचीबद्ध किया गया है। इन पटवारियों पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप है। इस रिपोर्ट में बकायदा 170 ऐसे पटवारियों का भी जिक्र है जिन्होंने अपने सहायक  नियुक्त किए हुए हैं जो पैसा उगाही का कार्य करते हैं। राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार मामले में प्रदेश के कैथल जिले में सबसे ज्यादा 46 पटवारियों का नाम सामने आया है, वहीं पंचकूला इस मामले में ईमानदार दिखाया गया है। हालांकि इस रिपोर्ट को लेकर अभी तक कोई अधिकारिक ब्यान सामने नहीं आया है, और ना ही कोई अधिकारी इस विषय पर कुछ बताने को तैयार है, किंतु शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी जिला उपायुक्तों को आगामी 10 दिनों में भ्रष्टाचार में लिप्त पटवारियों पर कार्यवाही करने का आदेश दिया है। अंदेशा है कि यह सूची सरकार द्वारा गोपनीय इनपुट रिपोर्ट के आधार पर तैयार की गई है, जिसमें आगामी दिनों में जल्द कार्यवाही हो सकती है।  

वायरल सूची


सिरसा में भी भ्रष्टाचार का खेल, सहायक के जरीये वसूले हैं पैसा 

वायरल सूची के अनुसार, सिरसा में 13 पटवारियों को भ्रष्टाचार सूची में शामिल किया गया है। इनमें से 7 पटवारियों पर आरोप है कि इन्होंने अपने सहायक नियुक्त कर रखे हैं जो लोगों से रजिस्ट्री, इंतकाल व तकशीम जैसे राजस्व कार्यों के लिए मोटा पैसा उगाही करते हैं। रिपोर्ट में बकायदा इस बार का भी जिक्र है कि किस कार्य के लिए कितनी राशि वसूल की जाती है। इन 13 पटवारियों में सिरसा क्षेत्र से 4, ऐलनाबाद से 2, नाथूसरी चोपटा से 2 व डबवाली क्षेत्र से 5 पटवारियों का नाम सामने आया है। जिसमें पटवारी बंसी बिश्नोई, डी. सिंह, राकेश मेहता, जसमेर सिंह, मनोज कुमार, मुकेश कुमार, कुलदीप सिंह, कौर सिंह, हनुमान, बसत सिंह प्रजापत, जोगिंदर ङ्क्षसह, सुखदेव सिंह व सुनील कुमार शामिल हैं। 

खुद बन बैठे खुद प्रोपर्टी डीलर, जनता भटक रही 

कई पटवारियों पर तो इतने संगीत आरोप है कि वे खुद प्रोपर्टी डीलर का कार्य करते हैं और जनता से सेवा के नाम पर नजराना वसूलते हैं। यही नहीं, कुछ पटवारियों द्वारा अपने सीनियर अधिकारियों के लिए पैसा जुटाने का भी जिक्र सामने आया है। रजिस्ट्री, तकशीम, इंतकाल दर्ज करने, गिरदावरी, फर्द सत्यापित करने, जमीन पैमाइश, जमीन रिकार्ड दुरुस्त करने, नक्शा बनाने जैसे कार्यों में भ्रष्टाचार का खुल्मखुल्ला खेल चल रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि प्रदेश सरकार इस मामले में क्या कार्यवाही करती है, क्योंकि प्रदेश में जनता आज भी भ्रष्टाचार की जद्द में है। 


बुधवार, 8 जनवरी 2025

अब 'त्रिदेव' के कंधों पर आवारा गौवंश को पकडऩे की जिम्मेवारी

गौशालाओं को इस मिशन मोड़ में शामिल करेगी प्रदेश सरकार 

गौसेवा सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री सैनी ने जारी किए 216 करोड़ रूपये

सिरसा /पंचकूला, 8 जनवरी । 

प्रदेश में सड़कों पर आवारा घूमने वाले गौवंश को लेकर प्रदेश सरकार मिशन मोड़ पर आ गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसके लिए मुहिम का ऐलान करते हुए इसकी जिम्मेवारी 'त्रिदेव कमेटी को सौंपी है। इस कमेटी में संबंधित नगर निगम, नगर परिषद या नगर पालिका का सेक्रेटरी, पशुपालन विभाग का मुख्य चिकित्सक तथा ब्लॉक में आने वाली गौशालाओं के एक-एक प्रतिनिधि को शामिल किया जाएगा। जो आवारा गौवंश को पकड़ कर उन्हें गौशालाओं मेंं पहुंचाने की व्यवस्था करेंगे। 

सड़क पर आवारा घूमता गौवंश (फाइल फोटो)

दरअसल, गत दिवस पंचकुला में आयोजित गौसेवा सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशभर की गौशालाओं को 216 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित गौशाला प्रतिनिधियों से रूबरू होते हुए कहा कि यह बड़ी चिंता का विषय है कि गऊ माता सड़कों पर आवारा घूम रही है। प्रदेश सरकार गौशालाओं को हर संभव सहयोग करने को तत्पर है। सीएम ने 'त्रिदेवÓ कमेटी का ऐलान करते हुए कहा कि यह कमेटी प्रयास करेगी कि अब गऊ सड़कों पर न रहे। ये तीन लोग प्रयास करेंगे कि एक भी गऊ माता सड़कों पर दिखाई न दे, सभी को गौशाला में लेकर जाना है। 

10 सालों में प्रदेश में खुली 468 नई गौशालाएं

मुख्यमंंत्री सैनी ने बताया कि वर्ष 2014 तक प्रदेश में 215 गौशालाएं थी जिसमें एक लाख 74 हजार गौवंश था। किंतु इन 10 वर्षों में गौशालाओं की संख्या 683 हो गई है जिसमें साढ़े 4 लाख गौवंश आश्रय लिए हुए है। प्रदेश सरकार ने गौवंश के लिए हरे चारे इत्यादि की खातिर 510 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है। वहीं प्रदेशभर में गौवंश की टैङ्क्षगग करने का भी ऐलान किया। 

*वर्जन ***

 - शमशेर आर्य, प्रदेशाध्यक्ष हरियाणा राज्य गौशाला संघ।                                            मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशभर की गौशालाओं के लिए 216 करोड़ की अनुदान राशि जारी की हैे, खासकर प्रति गौवंश अनुदान राशि में बढ़ोतरी का जो निर्णय लिया है, वह स्वागत योग्य है। हमें आशा हैं कि प्रदेश सरकार गौमाता के लिए भविष्य में भी ऐसे और फैसले लेगी। मुख्यमंत्री जी से आग्रह है कि प्रदेश सरकार गौ-संवर्धन को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य करे। जो गौशालाएं पंचगव्य प्रोडेक्ट तैयार कर रही हैं, उसके लिए मार्केटिंग की व्यवस्था करवाई जाए और ऐसी गौशालाओं को संरक्षण भी प्रदान किया जाए।  ........

मुख्यमंत्री नायब सैनी का आभार व्यक्त करते हैं जो उन्होंने गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। प्रति गौवंश की अनुदान राशि में बढ़ोतरी भी बेहतर प्रयास है, लेकिन सरकार को गौशालाओं में पशुचिकित्सक की नियमित नियुक्ति करने का भी कार्य करना चाहिए, ताकि बीमार गौवंश की उचित देखभाल हो सके। 

- योगेश बिश्नोई, जिला प्रधान गौवंश सेवा संघ हरियाणा।


सोमवार, 6 जनवरी 2025

नप चुनाव को लेकर राजनीतिक दल टटोल रहे मतदाताओं की नब्ज

चुनावी सरगर्मियां हुई तेज


सिरसा, 6 जनवरी  :

 नगर परिषद के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। राजनीतिक दल मतदाताओं की नब्ज टटोलने में जुट गए हैं। इस चुनाव के लिए राजनीतिक दल ज्वलंत मुद्दों को धार देने की तैयारी में हैं। छोटी सरकार के नाम से विख्यात इस चुनाव के लिए पार्षद व चेयरमैन के संभावित चेहरों पर भी मंथन हो रहा है। । सूत्रों के अनुसार, फरवरी के दूसरे सप्ताह में नगर पालिका चुनाव होने की संभावना है। चूंकि सिरसा नगर परिषद की चेयरमैनी के चुनाव इस बार सीधे मतदाताओं द्वारा होगा, ऐसे में मुकाबला बड़ा रोचक रहने वाला है। हालांकि इससे पूर्व वार्डों के चुने हुए पार्षद अपने वोट से चेयरमैन का चुनाव करते थे। बता दें कि सिरसा नगर परिषद के चेयरमैन का पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। किंतु इससे पहले जनरल वर्ग में चुनावी मुकाबले को लेकर चर्चाओं का दौर था, जिसे लेकर तमाम बड़े नेता अपने युवराजों को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी कर चुके थे। मगर, सिरसा सीट आरक्षित होने से उनके मंसूबों पर पानी फिर गया। 

चैयरमैनी के लिए चलती है तिकड़म!

नगर परिषद की चेयरमैनी हासिल करने के लिए बड़े-बड़े नेताओं की ओर से हर संभव प्रयास किए जाते रहे हैं। इस कुर्सी को हथियाने के लिए साम-दाम-दंड की नीति भी अपनाई गई। यही कारण था कि पॉवर हासिल होते ही कईयों के वारे-न्यारे हो गए। नगर परिषद में भ्रष्टाचार का बोलबाला किसी से छुपा नहीं है। सरकारी ग्रांट की जमकर लूट खुली आंखों से देखी जा सकती है। जीरो टॉलरेंस का नारा देनी वाली भाजपा सरकार इस छोटी सरकार में फैले भ्रष्टचार को नकेल डालने में विफल नजर आई है।   

इस चुनाव में भ्रष्टाचार सबसे बड़ा मुद्दा 

एमसी चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा भ्रष्टाचार का है। नगर परिषद के भ्रष्टाचार को लेकर न केवल भाजपा, बल्कि हलोपा, कांग्रेस पार्टी भी कटघरे में आ सकती है। पिछले पांच सालों में नगर परिषद में जो करोड़ों के घोटालों को अंजाम दिया गया, उस पर सत्तारूढ़ भाजपा मूकदर्शक बनी रहीं। वहीं हलोपा और कांग्रेस ने भी भ्रष्टाचार पर चुप्पी साधे रखी। बेशक उस दौरान गोकुल सेतिया ने भ्रष्टाचार मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज करवाया लेकिन कार्यवाही सिर्फ खानापूर्ति तक अटकी रही। नप में घोटालों की लिस्ट बड़ी लंबी है, जैसे सरकारी खजाने से स्टार्म वॉटर प्रोजेक्ट, गलियों के नाम पर, सड़कों, स्ट्रीट लाईट, पार्कों, डस्टबिन की खरीद, बैंच, जिम उपकरण सहित तमाम कार्यों में भ्रष्टाचार का खेल चला। लेकिन किसी मामले की न जांच की गई और न कोई कार्रवाई हुई। 



शनिवार, 4 जनवरी 2025

साइबर ठगी: मोबाइल में अमेजन से आए दो मैसेज, खाते से उड़ गए 85 हजार

साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दर्ज किया मामला 
सिरसा, टूडे खास खबर। 

सिरसा मेें एक व्यक्ति के साथ साइबर ठगी का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। पीडि़त ने अपने मोबाइल पर आए दो ओटीपी को बताने से इंकार कर दिया फिर भी उसके खाते से 85 हजार रूपये की चंपत लग गई। साइबर थाना पुलिस ने पुनीत सोनी निवासी यूनिवर्सिटी कैम्पस सीडीएलयू की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। 

पुलिस को दी शिकायत में पुनीत ने बताया कि उसे 1 नवंबर 2024 को अमेजन कंपनी की ओर से दो ओटीपी आए। उसने यह सोचकर नजरअंदाज कर दिए कि जब तक वह किसी को ओटीपी बताएगा ही नहीं तो पैसे कटेंगे कैसे? लेकिन जब उसने अपना एसबीआई का के्रडिट का बैलेंस चेक किया तो उसमें एक ट्रांजेक्शन 70997 रुपये और दूसरी 13996 रुपये की दर्शाई हुई थी। इस बारे में उसने अमेजन कंपनी को शिकायत की और बताया कि उसकी ओर से कोई आर्डर नहीं किया गया। उसने नवंबर महीने का क्रेडिट कार्ड की स्टेटमेंट देखी तो उसमें उक्त राशि टेम्परेरी डेबिट दर्शा रखी थी। लेकिन दिसंबर महीने में उक्त राशि उसके खाते में डेबिट में दिखा दी।  

उसने इस बारे में एसबीआई से संपर्क किया तो बताया गया कि ये ट्रांजेक्शन सिक्योरड मैनर के तहत मोबाइल पर भेजे गए ओटीपी से संचालित की गई है। इसलिए उक्त राशि उसे अदा करनी होगी। इसके बाद उसने साइबर क्राइम पोर्टल पर अपनी शिकायत रजिस्टर करवाई। साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बुधवार, 1 जनवरी 2025

सावधान: अकाउंट पासवर्ड में की-बोर्ड की एक पंक्ति के अक्षरों का कभी इस्तेमाल न करें

साइबर ठगों से बचने के लिए पुलिस ने जारी की विशेष एडवाइजरी 

सिरसा, टूडे खास खबर। 

नव वर्ष पर सोशल मीडिया का धड़ल्ले से प्रयोग करने में जुटे युवाओं को सतर्क करते हुए पुलिस ने एक विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि जैसे- जैसे वित्तीय लेन-देन को लेकर मोबाइल व इंटरनेट पर निर्भरता बढ़ी है, वैसे-वैसे साइबर ठगी की घटनाओं में भी तेजी से इजाफा हो रहा है। कमजोर पासवर्ड होने की वजह से भी हम कई बार साइबर अपराध का शिकार हो जाते हैं। 

पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण

पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने कहा कि आजकल तमाम तरह के वित्तीय लेन देन मोबाइल के माध्यम से हो रहे हैं। ऐसे में साइबर अटैक से बचने हेतु मजबूत पासवर्ड का प्रयोग करें। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध से बचाने हेतु जिला पुलिस द्वारा सेमिनार व गोष्ठियों के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को साइबर अपराध के बारे जागरूक किया जा रहा है। 

पासवर्ड में डेट ऑफ बर्थ या परिवार के किसी सदस्य का नाम न रखें

साइबर अपराधी ठगी करने की नियत से अलग-अलग तरह के तरीके अपनाते रहते हैं। किसी व्यक्ति को झांसा देते हुए पैसे प्राप्त करने के लिए अलग-अलग तरह के प्रलोभन देते हैं। अपने नेट बैंकिंग, ईमेल, फेसबुक, इंस्टाग्राम इत्यादि अकाउंट पर मजबूत पासवर्ड लगाएं ताकि अगर हैकर आपके खाते पर अटैक करता है तो वह विफल हो जाए। डेट ऑफ बर्थ अपने परिवार के किसी सदस्य का नाम इसके अलावा पासवर्ड बनाते समय की-बोर्ड पर एक पंक्ति के अक्षरों का इस्तेमाल न करें। अपने बैंक खाते ईमेल तथा सोशल मीडिया अकाउंट पर मजबूत पासवर्ड बनाए ताकि आपका अकाउंट सुरक्षित रहे। खातों को मजबूत पासवर्ड के साथ रखें और अपने सभी अकाउंट का एक पासवर्ड न रखे। सभी अकाउंट का अलग-अलग पासवर्ड रखें। साइबर ठगी के शिकार होने पर राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन न. 1930 व 112 पर तुरंत कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करवाएं। 

इस बातों का भी रखें ध्यान -

इंटरनेट मीडिया अकाउंट व बैंकिंग एप्स को सुरक्षित लॉक करके रखें।    

अपनी निजी जानकारी को किसी भी व्यक्ति से सांझा करने से बचें।

मल्टी फैक्टर ओथेंटिकेशन का प्रयोग करें।

अपना पासवर्ड स्ट्रांग रखें तथा किसी के साथ ओटीपी या अन्य जानकारी सांझा ना करें।

किसी भी प्रकार की एप्प को सतर्कता के साथ यूज करें।

सर्विस डिलीवरी टोल फ्री नंबर गुगल पे सर्च करते समय नंबर ऑफिसियल वेबसाइट से ही लें।


मंगलवार, 31 दिसंबर 2024

सीएम सैनी आज पहुंचेंगे चौटाला, सिरसा में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण पाबंदी

चौटाला के आसपास के क्षेत्र में ड्रोन, ग्लाइडर, रिमोट कंट्रोल एयरक्राफ्ट, फ्लाइंग कैमरा, कवर्ड चोपर, हेलीकैम उड़ाने पर प्रतिबंध



सिरसा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के चौटाला दौर के मद्देनजर सिरसा में मंगलवार को ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी लगाई गई है। 

जिलाधीश लक्षित सरीन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 व ड्रोन नियमावली 2021 के तहत आदेश जारी कर नगर परिषद सिरसा के पांच किलोमीटर के दायरे व गांव चौटाला के आसपास के क्षेत्र में ड्रोन, ग्लाइडर, रिमोट कंट्रोल एयरक्राफ्ट, फ्लाइंग कैमरा, कवर्ड चोपर, हवाई कवरेज के लिए हेलीकैम उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया है। 

बता दे कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व अन्य वीवीआईपी के 31 दिसंबर को प्रस्तावित दौरा कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टि से जारी किए गए हैं। ड्रोन नियमावली 2021 के तहत निर्धारित क्षेत्र को अस्थाई रेड जोन घोषित किया गया है। हालांकि ये आदेश ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों व पुलिस कर्मियों पर लागू नहीं होंगे। वहीं दूसरी ओर इन आदेशों की उल्लंघना करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।


Featured Post

 अनूठी श्रद्धांजलि:  दिवंगत मां की याद में पेयजल आपूर्ति के लिए गांव को दान किया डेढ़ लाख का टैंकर  मंदिर समिति को टैंकर सौंपते हुए परिवारजन...